Translate

मंगलवार, 2 फ़रवरी 2016

रिसर्च पालिसी



रूस ( तब का USSR)में कभी एक वैज्ञानिक हुआ था। नाम था लयसेंको(Trofim Lysenko) । जनाब बायोलॉजिस्ट और अग्रोनॉमिस्ट थे। इनकी खोजी तकनीक आज भी vernalisation के नाम से जानी और पढ़ाई जाती है ( ठन्डे तापमान के प्रभाव से फ्लोवेरिंग पीरियड बढ़ जाता है और इसके कारण ग्रेन फिलिंग अधिक होती है। फलतः उपज में वृद्धि होती है ) । शुरुआत में इस तकनीक से बहुत लाभ मिला ( लाभ या प्रोपेगंडा ?) । कृषक पृष्ठभूमि से आते थे और इस पृष्ठभूमि का लाभ उन्हें कम्युनिस्ट पार्टी के समर्थन के रूप में मिला । जो लोग रूस का इतिहास जानते हैं वह समझ सकते हैं कि किसानो के समर्थन की कितनी जरुरत कम्युनिस्ट पार्टी को थी। दरअसल यह पार्टी किसानो को अपनी ओर आकर्षित नहीं कर पा रही थी। खैर, स्टालिन की छत्रछाया में लयसेंको देश के सर्वोच्च वैज्ञानिक पद तक पहुंचे। कहानी अब शुरू होती है।


लयसेंको ग्रेगोर मेडल ( फादर ऑफ़ जेनेटिक्स) के प्रबल आलोचक थे । इन्होंने एक अपना सिद्धांत खड़ा किया और उन सभी वैज्ञानिकों को जो मेंडल के पक्ष में थे , चुन चुनकर या तो कारावास पहुंचा दिया या फिर मरवा दिया। सोवियत संघ में अब केवल वही बायोलॉजिकल रिसर्च चल सकते थे जो सरकार की नीतियों के अनुरूप हों , वो सरकार की नीतियां जो गरीबोन्मुखी और रोजगारपरक थीं ।

जब तक स्टालिन रहा , लयसेंको की आलोचना राष्ट्रद्रोह थी। ख्रुश्चेव के हटने के बाद पहली बार प्रस्ताव पारित कर वैज्ञानिक समुदाय ने लयसेंको की आलोचना की और साफ़ साफ़ कहा कि रूस की नीतियों के कारण आज दूसरे देशों की तुलना में बायोलॉजिकल रिसर्च दशकों पीछे चला गया है । सच में चला भी गया था।

मैं यह आज ही क्यों कह रहा हूँ ? आज ही सरकार का फैसला आया है जिसका सार यह है कि उसी रिसर्च को फंडिंग मिलेगी जो सरकार की नीतियों के अनुसार होंगे । रिसर्च इंस्टिट्यूट द्वारा सेल्फ फंडिंग की बात भी है । इस कदम से सबसे ज्यादा प्रभावित युवा विज्ञानी ही होंगे । यह "देहरादून डिक्लेरेशन" अगर प्रभावी हुआ तो भारत में हो रहे रिसर्च के ताबूत की कील साबित होगा । ताबूत इसलिए कहा क्योंकि पहले से ही भारत GDP का दो प्रतिशत भी निवेश नहीं कर रहा इसपर । बातें तो विकसित देश बनने की होती हैं जो कम से कम 10% खर्च करते हैं ।

बड़ी चतुराई से लोगो के मन में भर दिया गया है कि यहाँ रिसर्च होते ही नही या यह विलासिता हैं । शायद वह भूल जाते हैं कि 1947 में 50 m टन अनाज उपजाने वाला भारत आज 250 m टन उपजाकर सवा अरब आबादी को खिला रहा है । जमीन तो नही बढ़ी या आसमान से अनाज तो नही टपके ।
व्यावसायिक लिंक बनाएंगे तो रोजगार बढ़ेंगे । ..... जरूर बढ़ेंगे लेकिन एकोन्मुखी शोध अंततः उन्हीं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का गुलाम बनाकर छोड़ेगा । यह भी ध्यान रहे कि नई तकनीक हमेशा वो लाएंगे और हम चिर ग्राहक बनने को अभिशप्त रहेंगे ।

चींटियाँ

इस दीवार में दरारें हैं
कटी फटी बेतरतीब सी।
एक सीध से उनमे आती-जाती-खोदती
चींटियों की कतारें हैं।
उस नन्हे पौधे को एक दिन
दरख़्त बनना है।
जम आई मिट्टी पर
फैलती सिकुड़ती उसकी जड़ों को
चींटियों की लाश तक से नमी सोखना है।
एक घोसला भी दिखने लगा है।
चींटियों को चुगती एक चिड़ी नजर आई।
उसके उड़ते ही बड़ी चींटियों का रेला
छोटी नवजात चिड़ी की चाह में,
बिना सीध-असीध की परवाह किये
घोसले की ओर बढ़ने लगा है।
- - - - - - - - - - - -
इन दरारों से झाँकने पर अब
किसी पुराकालीन दीवार के अवशेष मिलते हैं।
उस दरख़्त की जड़ों में अब
अनेक प्रकार के जीव रहते हैं।
शाखाओं पर पक्षी का डेरा है।
हाँ , उस कभी शांत -स्थिर दीवार पर अब
अराजक जंगल का बसेरा है।
अब सिर्फ चींटियाँ ही नहीं रहतीं।
चींटीखोरों का कुनबा बसता है।
और चींटियाँ का सीधा प्रवाह अनुशासन से नहीं ,
उन चींटीखोरों के डर से सरकता है।
The White Man's Burden / कॉलोनी के लोगों को सभ्य बनाता / स्नान और सफाई का महत्त्व समझाता हमारा अपना Pears सोप ; 19वीं सदी के उत्तरार्ध का एक विज्ञापन -
विज्ञापन में यूनिफार्म पहना एक ऑफिसर ( कंधे पर बार बना हुआ है ) Pears सोप से हाथ धो रहा है जो यह दिखाता है कि वह सभ्य है। वह एक शिप पर है। बाएं नीचे शिप का दृश्य अंकित है जो यह दिखाता है कि वह विश्व यात्रा पर निकला है और साथ में Pears सोप ले जा रहा है। दायें नीचे वह Pears सोप कॉलोनी में वहां के नेटिव को देता है जो उसके सामने समर्पण मुद्रा में हाथ फैलाये झुका हुआ है। उसकी काली त्वचा और पश्चिमी कपड़े का अभाव उसी असभ्यता को दर्शाता है।
कुछ सन्देश भी विज्ञापन पर अंकित हैं जो सफाई/ स्वच्छता को बड़ा गुण बताते हुए यह कहते हैं यह गोरे लोगों की जिम्मेदारी है कि वो यह सन्देश सभी जगह पहुंचाएं। सन्देश आगे कहता है कि सभी देशों के सभ्यों में Pears सोप का स्थान सर्वोच्च है , एक आदर्श सोप के रूप में स्थापित है। यह एक प्रबल तत्व है जो सभ्यता के विकास के दौरान धरती के अंधियारे कोने में उजाला ला सकता है।
*"The White Man's Burden" रुडयार्ड किपलिंग की प्रसिद्द कविता है।



Original title: "The White Man's Burden: The United States and The Philippine Islands
Take up the White Man's burden, Send forth the best ye breed
  Go bind your sons to exile, to serve your captives' need;
To wait in heavy harness, On fluttered folk and wild—
  Your new-caught, sullen peoples, Half-devil and half-child.

Take up the White Man's burden, In patience to abide,
  To veil the threat of terror And check the show of pride;
By open speech and simple, An hundred times made plain
  To seek another's profit, And work another's gain.

Take up the White Man's burden, The savage wars of peace—
  Fill full the mouth of Famine And bid the sickness cease;
And when your goal is nearest The end for others sought,
  Watch sloth and heathen Folly Bring all your hopes to nought.

Take up the White Man's burden, No tawdry rule of kings,
  But toil of serf and sweeper, The tale of common things.
The ports ye shall not enter, The roads ye shall not tread,
  Go mark[14] them with your living, And mark them with your dead.

Take up the White Man's burden And reap his old reward:
  The blame of those ye better, The hate of those ye guard—
The cry of hosts ye humour (Ah, slowly!) toward the light:—
  "Why brought he us from bondage, Our loved Egyptian night?"

Take up the White Man's burden, Ye dare not stop to less—
  Nor call too loud on Freedom To cloak your weariness;
By all ye cry or whisper, By all ye leave or do,
  The silent, sullen peoples Shall weigh your gods and you.

Take up the White Man's burden, Have done with childish days—
  The lightly proferred laurel, The easy, ungrudged praise.
Comes now, to search your manhood, through all the thankless years
  Cold, edged with dear-bought wisdom, The judgment of your peers!


किसके गांधी ?

किसके गांधी ?
आज विरोधियों पर लिख नहीं रहा। विरोधियों से डर नहीं लगता साहब , समर्थकों से लगता है।


आज संघी भी गांधी को अपनाने को तैयार बैठे हैं। वामपंथी कब के मजबूरीवश अपना चुके। आज़ादी के पहले अल्पसंख्यकों के लिए अछूत हो चुके गांधी आज़ाद भारत में उनके लिए सहारा हो गए , कम से कम आरंभिक वर्षों में। नेहरू समर्थकों के लिए गांधी श्रद्धापुरुष बने रहे। समाजवादियों ने भी उनको सम्मान दिया। गांधीवादी तो थे ही।

अपनाने की मजबूरियों की बात को किनारे कर दें तो क्या लगता है ? यही न , कि गांधी संघी भी थे , वामपंथी भी , अल्पसंख्यक समर्थक , समाजवादी और गांधीवादी भी। और आस्तिक और नास्तिक दोनों।

ऐसा कैसे हो सकता है ?

या तो यह व्यक्ति मल्टीप्ल पर्सनाल्टी डिसऑर्डर का शिकार था या फिर अवसरवादी। या एक समग्र इंसान जिसकी बातों को अपने हिसाब से हमने उपयोग किया।

कोई सिर्फ उनके क्रिस्चियन मिशनरियों के विरोध को अपनाता है तो कोई धर्मनिरपेक्ष तत्व को। कोई गौहत्या विरोधी रूप को दिखाता है तो कोई गौहत्या पर पाबन्दी न लगवाने के समर्थन में। कोई सिर्फ अार्थिक सिद्धांत को उद्धृत करता है तो कोई अम्बेडकर विरोधी छवि को भुनाता है। कोई "अंतिम आदमी तक स्वराज " को प्रदर्शित करता है तो कोई पूंजीपति समर्थक छवि दिखाता है। कोई "राम मंदिर " तक में उनका प्रयोग करता है तो कोई "राम मंदिर" के विरोध में। और कोई बस सफाई करवा के खुश होता है।

अपने अपने गांधी।

सवाल फिर वही - किसके गांधी ?

शायद गांधी किसी के नहीं हैं इनमे। गांधी स्वयं अपने भी नहीं थे। न गांधी को हिन्दू धर्म से अलगकर समझा जा सकता है , न ही उन्हें सर्वधर्मसमभाव से जुदा किया जा सकता है। न आधुनिकता के साँचे में उन्हें देखा जा सकता है , न ही परंपरानिष्ठा में ढाला जा सकता है। न ही क्षद्म आस्तिकता और न ही क्षद्म नास्तिकता सही दृष्टि से देख सकती है।

सच सबमे है , किसी भी विचारधारा के हों। पर पूर्ण सत्य कोई नहीं। यदि आप अपनी विचारधारा (?) , यदि हो , ( अमूमन होती नहीं , बस नक़ल करते हैं ) , को पूर्ण सत्य मानते हैं तो अफ़सोस , कभी सत्य जान नहीं पाएंगे।

क्या लिखूं और !! होड़ लगी है यहाँ बाजार में। पब्लिक के हिसाब से पोलिश करो , पक्का बिकेगा।

मंगलवार, 19 मार्च 2013

मैं गोलियाँ बेचता हूँ


मैं गोलियाँ बेचता हूँ, गोलियाँ, बंदूक वाली नहीं, सपनों की. तरह-तरह के रंग-बिरंगे अच्छे लगनेवाले सपनों की, वो भी बिल्कुल मुफ्त. पूछोगे मुफ्त क्यों ? मैं कहूँगा कि भई तुम्हारे सपने से मुझे भी सुकून मिलता है. मैं भी नये जोश और ताजगी से भर उठता हूँ. फिर पूछोगे कि यह कैसे होता है? भई, कहानी लम्बी है, छोटी कर सुनाता हूँ.

मैने कईयों को सपने दिखाये हैं. लोग कहते हैं कि सपने देखो, तभी आगे बढोगे. यही सोंचकर मैने एक निर्धन को सपना दिखाया धनवान होने का. दुनिया आज उसे एक बड़े बिजनेसमैन के रूप में जानती है. तुम्हारे पड़ोस के मटरु को भी यही सपना दिखाया था. पर उस मुए ने शायद मुफ्त देखकर ज्यादा गोलियाँ खा लीं. अभी तक सपने में ही पड़ा है.

जिसे जैसा चाहिये, वैसा ही देता हूँ. हिन्दू को मुसलमान की और मुसलमान को हिन्दू की गोलियाँ देता हूँ. सवर्ण को आरक्षण की और अवर्ण को हुये अत्याचार की गोलियाँ देते मुझे बड़ा सुकून मिलता है. नेताओं को कुर्सी की और मीडिया को आकर्षित करनेवाली गोलियाँ पसंद हैं.

कौन कहता है कि गधे नहीं सोंचते, सपने नहीं देखते. मेरी सबसे ज्यादा गोलियों की खपत गधे ही करते हैं. आसपास की घटनाओं को देखते हुये भी निर्विकार भाव से जुगाली करनेवाले गधे सदिओं से मेरे सर्वप्रिय ग्राहक रहे हैं, आज भी हैं. अन्धे भी स्वप्न देखते है, पर थोड़े अजीब से. मेरी स्वप्न गोलियाँ उन्हें ऐसी दुनियाँ में ले जाती हैं जहाँ हर सच के पीछे उन्हे झूठ दिखाई देता है और वह झूठ कुछ समयोपरान्त सच में तब्दील हो जाता है. ऐसी कितनी गोलियाँ मैने कितने अंध-देश/ धर्म/ सम्प्रदाय.....भक्तों और छद्म-धर्मनिरपेक्षों को बेचीं, अब तो मुझे याद भी नहीं. पर मुझे इस बात का दुख है कि मैं कुछ देशभक्तों और निरपेक्षों को अपनी इच्छानुसार गोलियाँ नहीं खिला पाया.

एक समझदार मिल गया था रास्ते में. मुझे कुछ-कुछ समझने सा लगा था. आव देखा न ताव, मैने उसे ऐसी गोली दी कि वो अब तक चुप है. ये समझदार लोग भी ना...उफ ! सारा बिजनेस ही ठप्प कर देंगे.  एक समझदार भला ऐसा भी था जिसने मुझे ही अपने रंग में रंग दिया. मुझे ही गोलियाँ देता और बंटवाता. मारा गया बेचारा.

कुछ लोगों को बासी, पुरानी एक्सपाइर्ड गोलियाँ ही पसंद आती हैं. मैं उन्हें नई कोटिंग कर नये पॅकेट में डाल कर उन्हें खिलाता हूँ. ये लोग अक्सर गड़े मुर्दे उखाड़ते नजर आते हैं इतिहास की कब्रगाह में. देखो मुझे दोष न देना. कोटिंग से मुझे याद आया कि कई बार ऐसा होता है कि गोलियाँ कम पड़ने लगती हैं किसी-किसी के लिये. आपातकालीन व्यवस्था भी तैयार रहती है. किसी पर हरे तो किसी पर लाल कोट कर छितरा दिया करता हूँ.

ऐसा नहीं है कि गोलियों का साइड एफेक्ट नहीं होता. कभी-कभी अधिक मात्रा लेने से या अनुपयुक्त वातावरण के प्रभाव से, गलत गोलियाँ खा लेने से और या फिर अलग-अलग गोलियाँ एक साथ ले लेने से रिएक्सन हो ही जाता है. एक गधे को भौंकने की बीमारी लग गई. दो अलग-अलग गोलियाँ ले ली थीं. इलाज तो नहीं हुआ पर जनाब आजकल चिड़ियाघर की शोभा बढ़ा रहे हैं. सुना है कि गधों के न भौंकने के लिये कानून में संशोधन पर विचार हो रहा है. बेचारी जनता और उसका भौंकना सोशियल मीडिया पर.

कहोगे कितना कमीना हूँ मैं. कितना गिरा हूँ मैं. इतना गिरा कि तुम्हें ही गिराता हूँ. मारने आते हो. पिंजरे में कैद कर देना चाहते हो. उफ! मैने दिमाग बंद करने की गोली क्यूं नहीं बनाई ? क्यूं ऐसा होता है कि तुम मेरी सुनना बंद कर देते हो ? मैं तो बस सपने दिखाता हूँ, करते तो तुम्ही हो.

...........ठीक समझा तुमने. मैं तुम्हारा ही दिल हूँ. मैं ही तुम्हें सपने दिखाता हूँ........................मेरे को क्या, तुम बर्बाद हो या आबाद. दिमाग तो है न तुम्हारे पास.

बिहार, एक नजर



बड़ा ही जटिल प्रश्न है कि आखिर क्यों उत्तर प्रदेश और बिहार विकास की दौड़ में पिछड़ गये. गंगा-यमुना से सिंचित विश्व की सबसे ज्यादा उर्वर मिट्टी
रामकृष्णबुद्धमहावीरकबीर,सुफ़ीओं आदि के संस्कारों से सजी संस्कृतिऔर कभी अखिल भारत की राजधानी रही धरती.......क्या हो गया आखिर ?


संक्षेप में कहूँ तो सबसे पहला कारण दिखता है समाज में जड़ तक समाया जातिवाद. अब प्रश्न यह उठता है कि जातिवाद यहीं ज्यादा क्यों कारण यह है कि ब्राहमणवादी सत्ता का केन्द्र होने के नाते (वाराणसी इत्यादि) वर्ण व्यवस्था और उसकी अनुगामिनी जाती-प्रथा का सबसे ज्यादा प्रभाव इन स्थानों पर पड़ना स्वभाविक थाहै. जाति इतनी ज्यादा महत्वपूर्ण हो गयी कि स्वयं वर्ण या जाति (ब्राह्मणक्षत्रिय इत्यादि) भी उपजाति में विभक्त हो गयी और उनमें परस्पर वैवाहिक सम्बंध भी कमने लगे. हर उपजाति के अपने नेताअपने-अपने स्वार्थ कटुता की नयी उँचाइओ को को छुने लगे. इसका असर आज भी है. इतनी ज्यादा जटिल सामाजिक व्यवस्था कहीं नहीं है. दक्षिण भारत में दो ही टुकड़े हैं समाज के मूलतः-ब्राह्मण और अब्राह्मण. पंजाबहरियाणाहिमाचल इत्यादि में सिखों का प्रभाव हैशायद इसलिये वहाँ इसका प्रभाव कम है.

दूसरा कारण था ईस्ट इंडिया कंपनी. संयुक्त बंगाल-बिहार-ओडिशा की दीवानी का अधिकार मिला था कंपनी को. यहीं से शुरु हुआ शोषण का सिलसिला. नबाब भी कर वसूलता था और कंपनी भी. सारे उद्योग-धंधे बंद हो गये क्योंकि देशी व्यापारिओं को हर जगह महसूल देना पड़ता था जबकि अंग्रेज़ इससे परे थे. यह वही समय था जब भारतीय इतिहास का सबसे बड़ा अकाल पड़ा था और लाखों लोग भूख से मारे गये थे. कभी कुटीर उद्योग का बड़ा केन्द्र रहा यह क्षेत्र कभी भी इससे उबर नहीं पाया.

तीसरा कारण है संसाधनों का विकेन्द्रीकरण. संसाधनों  से धनी बिहार के संसाधन बिहार में ही नहीं पाये. कलकत्तामुम्बई आदि से यहाँ के संसाधनों का संचालन होने लगाआज भी झारखण्ड से हो रहा है.  देश में कोई भी चीज़, कोई भी संसाधन कहीं पर भी होती हो, इकट्ठा तो एक ही जगह होनी थी चाहे कलकत्ता में या फिर मुंबई में. विदेशी व्यापार जो चलाना था ईस्ट इंडिया कंपनी को. यहीं से शोषण शुरू हुआ बिहार जैसे संपन्न प्रदेशों का. कलकत्ता और मुंबई में रहनेवाले अंग्रेज और व्यापारी आमीर और अमीर होते चले गये, मुंबई महानगर बन गया. बिहार पिछड़ गया. ये आंतरिक उपनिवेशवाद का नया पहलू था. ये आज भी बदस्तूर जारी है. जैसा कि मैने पहले कहा कि खनिज यहाँ के, खनिज निकालनेवाले यहाँ के, पर व्यापारी बाहर के, बाज़ार बाहर के. संपन्न कौन होता ?

यह माना जाता है कि आज़ादी के बाद बिहार और उत्तर प्रदेश को एक मानक  चिन्ह बना दिया गया था अन्य राज्यों के लिये जो ज्यादा पिछड़े थे. शायद यह प्रथम पंचवर्षीय योजना में कृषि पर  दिए विशेष ध्यान का असर था .  बाद में यही देखकर राज्य को केन्द्र से सहायता मिलनी कम हो गयी ( मैने इसे फ्रंटलाइन में पढ़ा था कभी). अन्य राज्य बढते गये,बिहार पिछड़ता गया.

भारी उद्योग भी कम खोले गये. जो भी केन्द्र सरकार ने खोलेअब अधिकांशतः सफेद हाथी बन चुके हैंया फिर बंद हो गये. केन्द्र ने फिर कभी ध्यान नहीं दिया. अर्थव्यवस्था सिर्फ कृषि पर आधारित रह गयीउसपर भी जब बिहार राज्य की आधे से ज्यादा कृषि-योग्य भूमि बाढ के चपेट में हो. हरित क्रांति के समय भी यह क्षेत्र उपेक्षित रहा था. सिंचाई की व्यवस्था बिल्कुल थप थीआज भी है.विभाजन के बाद बिहार कृषि -प्रधान ही रह गया है . उसपर भी राज्य की अधिकांश भूमि हर साल जल-प्लावन का शिकार बनती है. हिमालय के शिखरों से निकली नदिओं के उत्पात का कोई तोड़ अभी तक ढूंढा न जा सका है . उसपर भी केंद्र की इस मसले पर उदासीनता . नेपाल के इस मामले में शामिल होने से बिहार सरकार स्वयं कुछ नहीं कर सकती . दुःख की बात यह है कि इतने जल स्रोतों के होने के बावजूद इसका उपयोग पनबिजली बनाने में करना एक घाटे का सौदा है क्योंकि बिहार समतली क्षेत्र है.
एक और बाढ़ आती है तो दक्षिण  बिहार सूखे से ग्रस्त रहता है . ऊपर से दक्षिण बिहार में सिंचाई की सुविधाएं भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं .  पर  हाल फिलहाल में कुछ सुधार हुये हैं. इस साल हुई 250 mt उपज के लिये इसी क्षेत्र को उत्तरदायी माना जा रहा है.
नक्सल हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों में से हैं यह राज्य. लगभग पूरा बिहार और उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर इलाके पूरी तरह से इस समस्या से ग्रसित हैं.

असमर्थ राजनीति भी एक अहम कारण है जिसका उदाहरण देने की जरूरत नहीं है.
लोगों के मुंह से सुना है कि सारी ट्रेन बिहार को ही जाती हैं. बिल्कुल गलत है. उत्तर बिहार को अगर ट्रेन की संख्या से तौलेंतो सम्पूर्ण भारत के निम्नतमों में शुमार होगा. दूसरी बात ट्रेन जरूरी भी है क्योंकि नक्सल प्रभावित क्षेत्र अभी भी कटे हैं. ऐसा भी नहीं की ट्रेन सारी बिहार से खोली गयीं बिहार के मंत्रिओं के द्वारा. अब कोलकाता वाली ट्रेन तो बिहार होकर ही जायेगी न. कुछ मुगलसराय वाली ट्रेन को थोड़ा आगे बढ़ा गया.

लोगों का आरोप है कि कुछ भी होता है और सारे बिहारी एकजुट हो जाते हैं. यह सरासर मिथ्या है. मैने आजतक बिहार के संगठन कम ही देखें हैं. बी एच यू से पढ़ा हूँ. बहुत सारे राज्यों के संघ थेपर बिहार बिल्कुल नहीं. हाँब्राह्मणराजपूतभूमिहारकुर्मी आदि के संगठन मिल जायेंगे.

बिहार के लोग कानून बड़े प्यार से तोड़ते हैं . मगर कमोबेश यही स्थिति सारे देश की है . एक और मिथक बन सा गया है कि बिहार से ही सबसे ज्यादा आईएएस आईपीएस  हर साल निकलते हैं . यह आत्मप्रवंचना है. ऐसे दावे करनेवालों से मुझे यही कहना है कि आप  upsc की वेबसाइट खोल कर देख लें .इस क्षेत्र में दक्षिण भारत के लोग काफी आगे हैं . बिहार की शिक्षा का  कबाड़ा कर दिया अंधाधुंध खुले घटिया महाविद्यालयों ने . मानों डिग्री मुफ्त में बंट रही हो . मुझे कोई आश्चर्य नहीं होता जब ऐसे ही किसी कॉलेज से मास्टर डिग्री लिए को दिल्ली की गलियों में टमाटर बेचते देखता हूँ . कहने को तो पीएचडी भी कर लिया , पर दसवी कक्षा के बच्चों को पढ़ाने की कूवत भी नहीं . 

अब स्थिति पहले से काफी हद तक सुधरी  है . नीतीश कुमार के परिश्रम को नकारा  नहीं जा सकता . अपराध , किडनेपिंग काफी कम हो चुके हैं . जिस जगह लोग शाम के सात बजे निकलते नहीं थे और मार्किट भी  सात बजते ही बंद हो जाते थे , वहां  अब ठाठ से घूमते हैं .नौकरशाही पर सरकार का नियंत्रण बना हुआ है . डॉक्टर , शिक्षक अदि अब दिन भर ड्यूटी बजाते हैं . नीतीश का विरोध भी हुआ है , मगर वह ज्यादातर राजनितिक है और लोगों की इस भावना का प्रतीक है कि और विकास क्यों नहीं हुआ . खैर , नितीश रहें न रहें , हारें  या जीतें ,  किसी  भी पार्टी की सरकार बने , मुद्दा विकास ही रहेगा . यह एक शुभ संकेत है . 

रविवार, 30 दिसंबर 2012

संघों और संघटनों से आशा


            कहना प्रासंगिक हो चला है कि अब देश में पुनः सामाजिक सुधारकों और सांस्कृतिक संघटनों की आवश्यकता बढ गई है. आज़ादी के बाद बहुत कुछ बदल चुका है. पर अगर पूछा जाये तो सबसे ज्यादा बदलाव जनता की मानसिकता में दिखता है.
भारत का स्वतंत्रता संघर्ष विश्व के पटल पर अप्रतिम स्थान रखता है. शायद ही किसी देश के स्वतंत्र्य संघर्ष में राजनीतिक और सामाजिक सुधार एक साथ चले हों. लगभग हर नेता की दो भूमिकाएं थी, कुछ आरंभिक उदारवादिओं को छोड़ दें तो. तिलक, गाँधी, सुभाष, अम्बेडकर, आज़ाद, मालवीय जी आदि राजनीति के स्तंभ तो थे ही, सामाजिक सुधारों में भी संलग्न थे. अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराएं जो समाज के मुद्दे पर एक हो जाती थी. राजनीतिक जागरण ने सामाजिक सुधारों की पहल की, या सामाजिक सुधारों ने राजनीतिक समझ बढ़ाई, कुछ कहा नहीं जा सकता. शायद दोनों नें एक दूसरे को आगे बढ़ाया. इन महान नेताओं की फ़ौज़ ऐसे ही न निकली थी. इनके पीछे रामकृष्ण मिशन, आर्य समाज और सत्यशोधक समाज जैसे संघटनों का योगदान था जिन्होने समाज सुधार और स्वाधीनता को धर्म से जोड़ दिया. चरित्र-निर्माण इन संघटनों का एक आधारभूत विषय था. काफी बाद में आये राष्‍ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी इस चरित्र-निर्माण और अनुशासन को अपना एक कर्तव्य माना.
आज़ादी के बाद यह लय खो सी गई. अब समाज सुधारक और राजनेता अलग-अलग होने लगे. दरअसल सांसद ऐसे-ऐसे लोग बनने लगे जो राष्‍ट्रीय आन्दोलनों के जोश की पैदाइश थे और जिनका इन संघटनों से कोई सम्बंध न था. चरित्र गिरा, भ्रष्टाचार बढ़ा, राजनीति में और उसका अनुकरण करनेवाले समाज में भी. यह और कुछ नहीं, इन संगठनों की विफलता ही थी जो युवा-वर्ग को अपनी ओर आकर्षित न कर पाने का कारण बनी. कहना अतिशयोक्ति न होगा कि सम्पूर्ण देश में अपनी पहुंच के बावजूद राष्‍ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस कार्य में असफल रहा है. शायद इसके अतिवादी रूप के आगे इसका यह चेहरा ओझल हो गया है. साधारण व्यक्ति भी इसे अब इसी रूप में देखता है. समाज-सुधार के नाम पर पार्क में बैठे युगलों को पीटना समस्या का समाधान नहीं. इससे तो वो और दूर छिटक जायेंगे.
वैश्विकरण और बदलती जीवन शैली ने इस समस्या को और विकट बना दिया. लोगों के आदर्श बदलने लगे. सुभाष का स्थान सलमान ने ले लिया. धार्मिक किताबों के स्टाल पर रंगीन किताबें सज गईं. सन्नी लीयोन और पूनम पाण्डेय को रानी लक्ष्मीबाई से ज्यादा लाइक मिलने लगे फेस बुक पे.  एक बात और कहना चाहूंगा. वैज्ञानिक प्रगति और इंटरनेट के बढते प्रयोग ने जहाँ नई नई सुविधाएं प्रदान की हैं, वहीं इनके दोषों को नकारा नहीं जा सकता है. पिछले 10-15 वर्षों में बलात्कार की घटनाएं बढी हैं. यह वही समय है जिसमें इंटरनेट का प्रयोग बढ़ा, यह वही समय है जिसमें परम्परागत बड़े कॅसेट्स को सीडी ने प्रतिस्थापित कर दिया. सारा मार्केट इन पाइरेटेड सीडी से भरा पड़ा है......इसने घर-घर तक पॉर्न को पहुँचा दिया. कुछ लोगों पर शायद इस पॉर्न का असर न होता हो, पर बहुतों के लिये यह वासना भड़काने वाला ही सिद्ध हुआ है. हमारे गिरते चरित्र का एक और सबूत-एमएमएस. इन पॉर्न और एमएमएस में बलात्कार वाले दृश्य रहते ही होंगे.
न ही सरकार और न ही कोई संगठन इस समस्या को दूर करने का प्रयास कर रहा है. इसके परिणाम भविष्य में घातक सिद्ध होने वाले है.
ठीक उसी तरह बिग बॉस जैसे गालिओं से भरे रिलिटी शो के हम आदी होने लगे हैं. अब तो हमें यह सब नॉर्मल लगने लगा है. अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर बनती द्विआर्थी फिल्में अब हमारे जीवन का हिस्सा बन चुकी हैं.
समाज एक दिन में नहीं बना है और न ही बनता है. कुछ बातें हैं, जिन्हें हमें बढ़ने नहीं देना चाहिये, नहीं तो समाज का हिस्सा बनते उन्हें देर न लगेगी.
नैतिक साहित्य को पाठ्यक्रम में डालना होगा. पर यहाँ भी राजनीति हो चुकी है. मध्य प्रदेश में गीता के कुछ अंशों को पाठ्यक्रम में डालने का पुरजोर विरोध किया गया धर्मनिरपेक्षता के नाम पर. वो अंश नैतिक थे, धार्मिक नहीं. भई सारे धर्मों की अच्छी बातों को डाल दो.
अंत में यही कहना चाहूंगा कि सरकार तो पहल करे ही इन विकट होती समस्याओं के निवारण हेतु, सामाजिक व सांस्कृतिक संघटनों का सहयोग भी अति अपेक्षित है. बल्कि यदि यह कहा जाये कि इन्हीं पर भविष्य के भारत का चरित्र निर्भर है, तो कोई अतिशयोक्ति न होगी.